कोंटा। विश्व रक्तदाता दिवस 2026 के अवसर पर 212 बटालियन सीआरपीएफ द्वारा रविवार को रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व रक्तदाता दिवस की थीम “One Drop of Humanity, Give Blood, Save Lives” (मानवता की एक बूंद, रक्तदान करें, जीवन बचाएं) रखी गई थी।

बल मुख्यालय से प्राप्त निर्देशानुसार 212 बटालियन मुख्यालय में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
इस अवसर पर सीआरपीएफ रेंज कोंटा से संबद्ध 217 बटालियन परिसर में पुलिस उप महानिरीक्षक (परिचालन) रेंज कोंटा राजेश पाण्डेय के मार्गदर्शन एवं 217 बटालियन के कमांडेंट विजय शंकर के नेतृत्व में 212, 217 एवं 218 बटालियन तथा रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 65 अधिकारियों एवं जवानों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया, जिनमें 212 बटालियन के 17 कार्मिक शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीआईजी राजेश पाण्डेय ने किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अपने परिवार, मित्रों, रिश्तेदारों और समाज के लोगों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता के लिए बिना किसी भेदभाव और स्वार्थ के रक्तदान करना मानवता की सबसे बड़ी सेवा है तथा रक्त की एक बूंद किसी का जीवन बचा सकती है।
कार्यक्रम में डॉ. बिनोद कुमार टोपो (सीएमओ एवं कमांडेंट चिकित्सा 50 बटालियन), अरविंद कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी रेंज कोंटा), वीरेंद्र कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी 217 बटालियन), दिनेश कुमार (द्वितीय कमान अधिकारी 212 बटालियन), नीरसिंह मीणा (द्वितीय कमान अधिकारी 217 बटालियन), गौरव शर्मा (उप कमांडेंट 212 बटालियन) सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।






