भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (सीएसवीटीयू) भिलाई की पुरुष एवं महिला शतरंज टीम अखिल भारतीय पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुई।
पुरुष वर्ग में विश्वविद्यालय के खिलाड़ी अभिनव कुमार बिंद्रा, अर्पित कुमार सिंह, आयुष सिंह, गुंजन देवांगन एवं मानस सिंह टीम मैनेजर अर्जुन सिंह तथा टीम कोच शुभम सोनी के मार्गदर्शन में ओडिशा स्थित केआईएसएस यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर के लिए रवाना हुए,यह प्रतियोगिता 2 से 6 मार्च तक आयोजित की जाएगी।
वहीं महिला वर्ग में विश्वविद्यालय की खिलाड़ी धारिणी साहू, मीमांसा पांडेय, नित्या तिवारी, ओमी जैन एवं वासुकी दुबे टीम मैनेजर युगल किशोर एवं कोच श्रीमती सुमित्रा मंडावी के साथ पश्चिम बंगाल स्थित एडमास यूनिवर्सिटी, कोलकाता के लिए रवाना हुईं। महिला वर्ग की प्रतियोगिता 2 से 4 मार्च तक आयोजित होगी।
दोनों टीमों को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. रोहित कुमार मिरी एवं प्रभारी खेल निदेशक किशोर कुमार भारद्वाज ने शुभकामनाएं देते हुए रवाना किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय खेल विभाग के सहायक रामनारायण बंजारे, मनीष कश्यप एवं सियाराम साहू सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि टीम राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित करेगी।






