CWG 2022: 20 साल के अचिंता शेउली ने भारत को दिलाया तीसरा स्वर्ण,वेटलिफ्टर अचिंता के स्वर्ण के साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या हुई छह

भारतीय वेटलिफ्टर अचिंता शेउली ने कमाल कर दिया है। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए तीसरा स्वर्ण पदक जीता है। भारत ने तीनों स्वर्ण समेत सभी पदक वेटलिफ्टिंग में ही जीते हैं। 20 साल के अचिंता ने 73 किलोग्राम भारवर्ग में स्नैच राउंड में 143 किलो और क्लीन एंड जर्क राउंड में 170 किलो समेत कुल 313 किलो वजन उठाया। यह भारत के लिए तीसरे दिन (रविवार) का दूसरा पदक रहा। इससे पहले वेटलिफ्टर जेरेमी लालरिनुंगा ने 67 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण जीता था।

अचिंता और जेरेमी से पहले शनिवार को भारत ने चार पदक वेटलिफ्टिंग में ही जीते थे। महिलाओं में अपने-अपने भारवर्ग में मीराबाई चानू ने स्वर्ण और बिंदियारानी देवी ने रजत पदक जीता था। वहीं, पुरुषों में अपने-अपने भारवर्ग में संकेत सरगर ने रजत और गुरुराजा पुजारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया था। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की पदक तालिका में भारत फिलहाल छठे स्थान पर है। भारत से आगे ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा हैं।

अचिंता शेउली ने स्नैच राउंड टॉप पर रहते हुए खत्म किया। उन्होंने पहले प्रयास में 137 किलो, दूसरे प्रयास में 140 किलो और तीसरे प्रयास में 143 किलो का वजन उठाया। स्नैच राउंड में 143 किलो का वजन उनका पर्सनल बेस्ट भी है। स्नैच राउंड में दूसरे स्थान पर मलेशिया के हिदायत मोहम्मद रहे। अचिंता शेउली ने हिदायत पर स्नैच राउंड के बाद पांच किलो की बढ़त बना रखी थी।

20 साल के अचिंता ने इससे पहले 2021 ताशकंद जूनियर वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 73 किलो भारवर्ग में रजत पदक जीता था। वहीं, उन्होंने 2019 कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप और 2021 ताशकंद कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 73 किलो भारवर्ग में ही स्वर्ण जीता था।