भारत के लिए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों का आठवां दिन पदकों कि बारिश लेकर आया। आठवें दिन कुश्ती की शुरुआत हुई और भारत के कई दिग्गज एथलीट्स इसमें दांव-पेंच लगाने के लिए मैट पर उतरे। भारतीय फैंस को शुक्रवार को पदक आने की उम्मीद तो थी, लेकिन सिर्फ पदक आए नहीं, बल्कि पदकों की बारिश हुई। भारत ने शुक्रवार तीन स्वर्ण, एक और दो कांस्य समेत कुश्ती में कुल छह पदक जीते। इससे भारत के कुल पदकों की संख्या 26 पहुंच गई है। पदक तालिका में भारतीय टीम फिलहाल पांचवें नंबर पर है।
हालांकि, आठवें दिन भारत के लिए कुछ निराशाजनक नतीजे भी सामने आए। 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स की चैंपियन रहीं टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में हार गईं। इससे एक स्वर्ण की उम्मीदों को झटका लगा है। वहीं, भारतीय महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में हार गई। अब महिला हॉकी टीम कांस्य पदक के लिए न्यूजीलैंड की टीम से भिड़ेगी। आइए जानते हैं आठवां दिन भारत के लिए कैसा रहा…
- 9 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम, सुधीर (पावर लिफ्टिंग), बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक, दीपक पूनिया।
- 8 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान, मुरली श्रीशंकर, अंशु मलिक।
- 9 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, सौरव घोषाल, गुरदीप सिंह, तेजस्विन शंकर, दिव्या काकरन, मोहित ग्रेवाल।