पाटन। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम छाटा में पाटन पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।

इस दौरान एसआई गोरखनाथ चौधरी, प्रशिक्षु एसआई हसन रजा एवं कांस्टेबल झूमक लाल यादव ने ग्रामीणों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अनजान फोन कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता, एटीएम अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं और तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही आसपास के लोगों को भी साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से साइबर अपराध से संबंधित सवाल पूछे, जिनका पुलिस द्वारा समाधान बताया गया।







