चक्रवात के असर से दुर्ग ग्रामीण के किसानों की बढ़ी चिंता, 90% धान की कटाई बाकी; कर्ज माफी और मुआवजे की मांग

संजय साहू | अण्डा (दुर्ग)

चक्रवात के प्रभाव और मौसम में आए अचानक बदलाव ने दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के अन्नदाताओं की नींद उड़ा दी है। क्षेत्र में अभी तक लगभग 90 प्रतिशत धान की फसल खेतों में ही खड़ी है। ऐसे में खराब मौसम, तेज हवा और बारिश की आशंका के चलते किसानों को अपनी सालभर की मेहनत बर्बाद होने का डर सता रहा है।

इन गांवों में सबसे ज्यादा चिंता
दुर्ग ग्रामीण अंतर्गत अण्डा, चिंगरी, अछोटी, कुथरेल, जंजगिरी, निकुम, तिरगा, झोला, भोथली, रुदा, खाड़ा, विनायकपुर, आमटी, भरदा, कोनारी, कोल्हापुरी और चंदखुरी सहित आसपास के दर्जनों गांवों में किसान अपनी फसल को लेकर बेहद चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि उन्होंने कड़ी मेहनत और भारी लागत लगाकर फसल तैयार की है, लेकिन ऐन कटाई के वक्त मौसम की मार का खतरा मंडरा रहा है।

तेज हवा और बारिश से भारी नुकसान की आशंका
किसानों के मुताबिक, यदि चक्रवात के असर से तेज हवाएं चलती हैं या बारिश होती है, तो खेतों में खड़ी धान की फसल आड़ी होकर गिर जाएगी। खेतों में पानी भरने से धान के सड़ने और उसकी गुणवत्ता खराब होने का भी खतरा है। पहले से ही खाद-बीज, मजदूरी और खेती की बढ़ती लागत के बोझ तले दबे किसानों के लिए यह प्राकृतिक आपदा दोहरी मार साबित हो सकती है।

सरकार से कर्ज माफी और तत्काल सर्वे की मांग
आजीविका पर मंडराते संकट को देखते हुए क्षेत्र के किसानों ने राज्य सरकार से राहत की गुहार लगाई है। किसानों की प्रमुख मांगें हैं:

  • किसानों की नाजुक आर्थिक स्थिति को देखते हुए उनका कृषि ऋण (कर्ज) माफ किया जाए।
  • बारिश या हवा से फसल खराब होने की स्थिति में प्रशासन तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दे।

किसानों का कहना है कि खेती ही उनकी आजीविका का एकमात्र मुख्य साधन है, इसलिए सरकार को समय रहते किसान हित में ठोस कदम उठाने चाहिए।