नई दिल्ली।चक्रवात मोंथा ने आंध्र प्रदेश और आसपास के राज्यों में भारी तबाही मचाई है। तूफान के कारण दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 1.5 लाख एकड़ से अधिक फसलें नष्ट हो गईं। ओडिशा, बंगाल और तेलंगाना में लगातार भारी बारिश जारी है।

चक्रवात मोंथा के कारण आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी नुकसान हुआ है। आंध्र प्रदेश में दो और लोगों की मौत हो गई, जबकि डेढ़ लाख एकड़ में खड़ी फसल बर्बाद हो गई। चक्रवात का असर तेलंगाना, ओडिशा और पश्चिम बंगाल सहित कुछ अन्य राज्यों पर भी पड़ा। मोंथा मंगलवार देर रात आंध्र के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया। लेकिन उससे पहले भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, मकान ढह गए और सड़कों पर पानी भर गया। बिजली की आपूर्ति और यातायात प्रभावित हुआ। इस बीच मौसम विभाग ने दो दिनों तक आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तरी तटीय क्षेत्रों में हल्की से सामान्य बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
चक्रवात मंगलवार मध्य रात्रि को आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया। मोन्था, जिसका अर्थ खुशबूदार फूल होता है, मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात को पश्चिमी गोदावरी जिले के नरसापुर के पास आंध्र प्रदेश के तट को पार कर गया। राज्य में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम लगातार पुनर्वास कार्य में जुटी है।
साभार अमरउजाला






