अंधे मोड पर खतरनाक एक्सीडेंट, युवक और युवती की मौके पर मौत, एक युवती गंभीर, सोमनी से भिलाई 3 मार्ग की घटना

भिलाई।  सोमनी से भिलाई 3 मार्ग पर आज दोपहर को तेज रफ्तार हाइवा  ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक को चपेट में ले लिया। इस घटना में दो को मौके पर मौत हो गई। वही एक युवती गंभीर रूप से घायल है। बाइक चालक युवक सुमीत ढीमर  25 साल  निवासी फुंडा( पाटन)  और बाइक में बैठी युवती भूमिका बंजारे 25 साल  निवासी गनियारी की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवती को गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। उसे रायपुर बड़े अस्पताल में रिफर किया गया है। जानकारी मिली है कि दोनों युवती ग्राम गनियारी की रहने वाली हैं और भिलाई-3 से वापस  लिफ्ट लेकर वे वापस अपने गांव लौट रहीं थीं।
भिलाई तीन पुलिस के मुताबिक घटना दोपहर 2:15 के करीब भिलाई तीन से सोमनी जाने वाले मार्ग पर मेहंदी बाड़ी के समीप मोड़ पर हुई। बताया जाता है कि बाइक क्रमांक सीजी 07 बीएल 9972 से सुमीत ढीमर पिता बुधराम वाल पेंटिंग का काम करता है। वह भिलाई-3 से अपने गांव फुंडा लौट रहा था। सिरसा गेट चौक पर गनियारी निवासी भूमिका बंजारे पिता अश्वनी बंजारे एवं उसकी सहेली सनोज सोनकर (23) पिता हरिश्चंद्र जो भिलाई-तीन से गनियारी लौटने के लिए सुमीत ढीमर से लिफ्ट मांगा। यहां से तीनों ही एक ही बाइक पर सवार होकर सोमनी- गनियारी की ओर जा रहे थे। वहीं विपरीत दिशा से हाइवा वाहन सीजी 04 एलएस 9146 मुरम लोड कर आ रहा था। हाइवा वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। मेहंदी बाड़ी के समीप मोड़ पर सामने आ रही बाइक को हाइवा ने चपेट में ले लिया। बाइक चालक सुमीत एवं पीछे बैठी भूमिका बंजारे को गंभीर चोटें आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं भूमिका की सहेली सनोज सोनकर गंभीरावस्था में स्थानीय अस्पताल लाया गया जहां से उसे रायपुर एम्स ले जाया गया है। भूमिका और सनोज दोनों ही गनियारी में सतनामी पारा के निवासी हैं और किसी काम से भिलाई तीन आए हुए थे। मृतिका भूमिका बंजारे के भाई अमन बंजारे ने बताया कि भूमिका बीए फायनल कर चुकी थी और जाब के संदर्भ में भिलाई-3 आई थी। परिवार में तीन भाई बहनों में सबसे छोटी थी। इधर हादसे के बाद आरोपित वाहन चालक हाइवा वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है।