ग्राम पंचायत दलपुरुवा में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा नशामुक्ति अभियान का आयोजन


पंडरिया-ब्लाक के ग्राम पंचायत दलपुरुवा में बुधवार को महिला स्व-सहायता समूह के नेतृत्व में नशामुक्ति जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य गांव को नशा मुक्त बनाना और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत में महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष अंजली साहू ने कहा कि, “नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। अगर महिला सशक्त होगी तो वह अपने परिवार को नशे से बचा सकती है। इसलिए हमने यह अभियान शुरू किया है।”इस दौरान समूह की महिलाओं ने गांव में रैली निकालकर नारे लगाए – “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “शराब को त्यागो, खुशहाल घर बनाओ”।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, पंचायत पदाधिकारी बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी ने नशा न करने और दूसरों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
महिला स्व-सहायता समूह ने निर्णय लिया है कि वे हर सप्ताह गांव में बैठक कर नशामुक्ति पर चर्चा करेंगी और जो परिवार नशे के कारण परेशान हैं, उनकी काउंसलिंग में मदद करेंगी।