लाल आतंक’ के खात्मे की डेडलाइन तय: गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों के बलिदान के बाद किया वादा, व्यक्त की संवेदना

दिल्ली।छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए नक्सली हमले को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया है। अमित शाह ने मार्च 2026 तक देश से नक्सलियों को खत्म करने का संकल्प लिया और कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। शाह ने कहा कि एक आईईडी विस्फोट में डीआरजी के जवानों के बलिदान की खबर से मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं बहादुर जवानों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
शाह ने आगे कहा कि इस दुख को शब्दों में व्यक्त करना असंभव है, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हम मार्च 2026 तक भारत में नक्सलवाद को खत्म कर देंगे। बता दें कि राज्य में सुरक्षाबलों पर माओवादियों द्वारा पिछले दो वर्षों में सबसे बड़ा हमला था और साल 2025 का पहला हमला है।

बता दें कि बीजापुर के कुटरू मार्ग में नक्सलियों ने जवानों के वाहन पर आईईडी ब्लास्ट किया है। हादसे में एक ड्राइवर और आठ जवान बलिदान हो गए हैं। वहीं कई जवान घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में कुल कितने जवान सवार थे इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि जवान नक्सल ऑपरेशन से वापस लौट रहे थे इस दौरान कुटरु मार्ग में नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया है। छत्तीसगढ़ में लगातार नक्सल ऑपरेशन से नक्सली बौखलाए हुए हैं जिसके चलते नक्सलियों ने जवानों को निशाना बनाया है।