कांग्रेस मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, भाजपा नेता पर आरोप, चार आरोपी गिरफ्तार

अंबिकापुर। कांग्रेस के मंडल अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह सिद्धू पर शनिवार रात जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में गुरप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं। घायल कांग्रेस नेता को उपचार के लिए रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के करीबी सहयोगी गुरजीत सिंह ने भाजपा नेता प्रकाश साहू पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। वहीं प्रकाश साहू ने इन आरोपों से इनकार किया है। प्रकाश साहू का कहना है कि घटना के समय वह अपने घर में मौजूद थे और इसका प्रमाण उनके घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पुलिस ने मामले में फिलहाल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में साहिल साहू, सुनील साहू, अनिल चटर्जी उर्फ संजू और आयुष शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार घटना मणिपुर थाना क्षेत्र की है। बताया गया कि गुरप्रीत सिंह अपने घर के पास गाड़ी पार्क कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग चारपहिया वाहन से पहुंचे और लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।