धान खरीदी के फैसले का स्वागत, भाजपा किसान मोर्चा ने बांटी मिठाई

अंडा।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा किसानों के हित में लिए गए धान खरीदी के फैसले का दुर्ग जिला भाजपा किसान मोर्चा ने स्वागत किया है। मोर्चा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए किसानों को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

दुर्ग जिला भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री अजीत चंद्राकर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान खरीदी करने का निर्णय अन्नदाताओं के सम्मान और समृद्धि की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि जो किसान 21 क्विंटल धान नहीं बेच पाएंगे, उन्हें कृषि उन्नति योजना के तहत मानक अंतर के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह फैसला प्रदेश के किसानों के लिए वरदान साबित होगा।

चंद्राकर ने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार हमेशा किसानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग किसानों को भ्रमित कर उनका मनोबल तोड़ने का प्रयास कर रहे थे, इस घोषणा के बाद उनमें बेचैनी है। उन्होंने जानकारी दी कि धान खरीदी शुरू होने के दिन किसान मोर्चा के कार्यकर्ता समितियों (सोसाइटी) में जाकर तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर किसानों का स्वागत करेंगे।

इस अवसर पर आभार व्यक्त करने और बधाई देने वालों में जिला महामंत्री अजीत चंद्राकर, बूथ अध्यक्ष अजय चौहान, तिलक चंद्राकर, यशवंत बंजारे, गोपाल साहू, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष नोमेश्वर पिपरिया, मंडल महामंत्री राजेंद्र साहू, भैया लाल साहू, मनोज चंद्राकर, हेमेंद्र चौहान, मुकेश चंद्राकर और राधेश्याम चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।