छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति शीघ्र करने की मांग, राजपत्रित अधिकारी संघ ने राज्यपाल को पत्र लिखकर लंबित पदोन्नति प्रकरणों के शीघ्र निराकरण का आग्रह किया

रायपुर।25/11/2026 छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण भर्ती, पदोन्नति एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण में हो रहे विलंब पर चिंता व्यक्त की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल वर्मा ने राज्यपाल श्री रमेन डेका को पत्र लिखकर लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति शीघ्र किए जाने की मांग की है।

संघ ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान है। आयोग के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं में भर्ती, चयन एवं पदोन्नति से संबंधित महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का संपादन किया जाता है। आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त रहने के कारण आयोग के कार्यों के संचालन तथा विभिन्न महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

पदोन्नति में विलंब से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवागत हित प्रभावित

संघ ने कहा कि विशेष रूप से शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति से संबंधित प्रकरणों सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों के निराकरण में विलंब होने से पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सेवागत हित प्रभावित हो रहे हैं। पदोन्नति में विलंब के कारण संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आर्थिक एवं सेवागत लाभ समय पर प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में उच्च पदों पर रिक्तियों के कारण प्रशासनिक कार्यक्षमता भी प्रभावित होने की आशंका है।

अध्यक्ष की नियुक्ति प्राथमिकता से किए जाने का आग्रह

कमल वर्मा ने कहा कि लोक सेवा आयोग जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में अध्यक्ष का पद लंबे समय तक रिक्त रहना उचित नहीं है। आयोग के कार्यों का सुचारु, नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के लिए अध्यक्ष की नियुक्ति प्राथमिकता के आधार पर किया जाना आवश्यक है, ताकि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण हो सके और पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके वैधानिक सेवागत लाभ समय पर प्राप्त हो सकें।

छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने राज्यपाल से आग्रह किया है कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में अध्यक्ष की नियुक्ति शीघ्र किए जाने हेतु आवश्यक पहल करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। साथ ही आयोग में लंबित पदोन्नति एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों के निराकरण के लिए भी आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि शासकीय सेवाओं में अनावश्यक विलंब समाप्त हो और प्रशासनिक कार्यों में सुचारुता बनी रहे।