पाटन।
पाटन ब्लॉक के ग्राम झीट सहित आसपास के गांवों में लगातार बढ़ रहे अपराधों को लेकर ग्रामीणों में भारी चिंता व्याप्त है। इसी को देखते हुए ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग तेज कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपा था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गांव में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के कारण लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि झीट और आसपास के क्षेत्रों में मारपीट, हमले और असामाजिक गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। करीब पखवाड़े भर पहले ही एक युवक पर टांगिया से जानलेवा हमला किया गया था। वहीं कुछ माह पहले एक दुकान में बैठे व्यापारी पर भी हमला हुआ था।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि क्षेत्र में सूखा नशा (नशीले पदार्थों) का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिससे युवाओं पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके अलावा करीब चार साल पहले हुए एक हत्या कांड में पांच लोगों की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था।
वर्तमान में यह क्षेत्र अमलेश्वर थाना के अंतर्गत आता है, लेकिन दूरी और समय पर पुलिस की पहुंच में देरी के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। चौक-चौराहों पर असामाजिक तत्वों की सक्रियता भी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का मानना है कि यदि ग्राम झीट में पुलिस चौकी स्थापित की जाती है, तो अपराधों पर अंकुश लगेगा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।







