पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम रवेली में आबादी भूमि आबंटन का मामला एक बार फिर गरमा गया है। पंचायत द्वारा प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन को भेजे जाने के बावजूद पात्र ग्रामीणों को अब तक जमीन का आबंटन नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मामले को लेकर ग्रामीण जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपकर पंचायत सचिव और रोजगार सहायक को हटाने की मांग करेंगे।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2026 में तत्कालीन सरपंच, सचिव एवं पंचों द्वारा गांव की घास भूमि को आबादी भूमि घोषित कराने का प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन को भेजा गया था। इसके साथ ही गांव के 25 जरूरतमंद लोगों की सूची भी तैयार कर आबंटन के लिए भेजी गई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रस्ताव भेजे जाने के कई माह बाद भी सूची में शामिल किसी भी व्यक्ति को जमीन का आबंटन नहीं किया गया है। इससे पात्र हितग्राहियों को आवास एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भूमि नहीं मिल पा रही है।
भाजपा नेता टिकेंद्र वर्मा ने बताया कि पंचायत के प्रस्ताव के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जल्द ही ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल जनपद पंचायत पाटन पहुंचकर सीईओ को ज्ञापन सौंपेगा तथा पंचायत सचिव और रोजगार सहायक को हटाने की मांग करेगा। साथ ही भूमि आबंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने की मांग भी की जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन का रास्ता अपनाने पर भी विचार करेंगे। वहीं अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।






