अंडा। ग्राम पंचायत रिसामा अंतर्गत गौठान से लेकर चिरपोटी रोड तक स्थापित स्ट्रीट लाइटें पिछले लगभग दो वर्षों से बंद पड़ी हुई हैं। सार्वजनिक सुविधा और सुरक्षा के उद्देश्य से लाखों रुपये की शासकीय राशि से लगाई गई ये स्ट्रीट लाइटें देखरेख के अभाव में शो-पीस बनकर रह गई हैं। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर शिकायतकर्ता कान्हा पाण्डेय द्वारा CM हेल्पलाइन (शिकायत क्रमांक: WP260800160003) में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

अंधेरे में आवागमन करने को मजबूर ग्रामीण और किसान

गौठान से चिरपोटी रोड एक प्रमुख मार्ग है, जिस पर दिन-रात ग्रामीणों, किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों का आवागमन रहता है। पिछले दो वर्षों से मार्ग पर छाए अंधेरे के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है तथा रात्रि के समय सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। स्थानीय स्तर पर बार-बार ध्यान आकर्षित कराए जाने के बावजूद अब तक सुधार कार्य नहीं किया गया।

शिकायत में की गई मुख्य मांगें:
भौतिक एवं तकनीकी जांच गौठान से चिरपोटी रोड तक स्थापित सभी स्ट्रीट लाइटों, सोलर सिस्टम, वायरिंग और विद्युत कनेक्शन का तत्काल भौतिक निरीक्षण कराया जाए।
तत्काल सुधार एवं संचालन बंद पड़ी लाइटों और खराब उपकरणों को तुरंत ठीक कर इस मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था बहाल की जाए।
अभिलेखों की जांच स्ट्रीट लाइट स्थापना, संधारण (रखरखाव) और इसके नाम पर हुए व्यय/स्वीकृति संबंधी शासकीय रिकॉर्ड्स की सूक्ष्मता से जांच की जाए।
लापरवाही पर जवाबदेही पिछले 2 वर्षों से लाइट बंद रहने और रखरखाव न किए जाने के कारणों को स्पष्ट करते हुए जिम्मेदार एजेंसी/अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
निष्पक्ष जांच न होने पर आगे की कार्रवाई
शिकायतकर्ता कान्हा पाण्डेय सहित अन्य ग्रामीणो ने स्पष्ट किया है कि यदि विभाग द्वारा जल्द ही स्थल निरीक्षण कर स्ट्रीट लाइटों को चालू नहीं किया गया या केवल कागजी जवाब देकर शिकायत बंद करने का प्रयास किया गया, तो मामले को उच्च स्तर (Level 2/3) पर री-ओपन कराया जाएगा।






