अमलेश्वर। नगर पालिका अमलेश्वर के वार्ड क्रमांक 01 स्थित प्रगति विहार कॉलोनी में जर्जर हो चुकी पानी टंकी को लेकर स्थानीय नागरिकों ने चिंता जताई है। कॉलोनी निवासी प्रवीण डे ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवेदन सौंपकर जर्जर पानी टंकी को तत्काल डिस्मेंटल कर नई पानी टंकी का निर्माण कराने की मांग की है।

आवेदन में बताया गया है कि वार्ड में स्थित पानी टंकी लंबे समय से जर्जर हालत में है और कभी भी गिर सकती है। टंकी के ऊपर पेड़ एवं झाड़ियां उग आने के कारण इसकी संरचना और कमजोर हो गई है। टंकी के गिरने की स्थिति में आसपास के घरों के साथ-साथ लोगों के जीवन और संपत्ति को गंभीर खतरा हो सकता है।

नागरिक ने मांग की है कि जर्जर पानी टंकी को तत्काल हटाकर मजबूत एवं सुरक्षित नई टंकी का निर्माण कराया जाए। साथ ही टंकी के ऊपर उगे पेड़-पौधों को हटाने, निर्माण के दौरान स्थानीय लोगों की सुरक्षा और वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था करने तथा भविष्य में टंकी की नियमित जांच एवं रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

आवेदन में जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका प्रशासन से शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है। आवेदन पर कांग्रेस नेता प्रवीण डे सहित प्रगति विहार कॉलोनी के निवासियों के हस्ताक्षर भी हैं।






