पाटन। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर 12 जनवरी को आयोजित की जाने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन प्रतियोगिता विगत वर्ष 2019 से बंद है। प्रतियोगिता के आयोजन पर रोक लगने से छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली मैराथन धावकों के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला वर्ग के धावकों के लिए लाखों रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की जाती थी। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के कई प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता था। पुरस्कार राशि से कई धावकों को आर्थिक सहयोग भी मिलता था, जिससे उनकी पारिवारिक स्थिति को बेहतर बनाने में मदद मिलती थी।

जिला ओलंपिक संघ दुर्ग के सह सचिव पोकनलाल साहू ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष मांग रखते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय हाफ मैराथन प्रतियोगिता को खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पुनः प्रारंभ किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के पुनः आयोजन से प्रदेश के युवा और प्रतिभाशाली मैराथन धावकों को अपनी प्रतिभा निखारने और राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।






