फेकारी में चतुर्थ वर्ष के कृषि  विद्यार्थियों द्वारा ब्लू स्टिकी ट्रैप एवं ट्राइकोडर्मा के उपयोग का प्रदर्शन

पाटन।। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अंतर्गत संत विनोबा भावे कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, मर्रा, पाटन, दुर्ग के चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव (RAWE) कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम फेकारी में कृषकों के खेतों पर एवं बाड़ियों में विभिन्न कृषि तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने कृषकों को फसलों में लगने वाले हानिकारक कीटों की निगरानी एवं नियंत्रण के लिए ब्लू स्टिकी ट्रैप (नीले चिपचिपे प्रपंच) के उपयोग और उसके महत्व की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने खेतों में ब्लू स्टिकी ट्रैप लगाने की विधि का प्रदर्शन कर कृषकों को इसके प्रभावी उपयोग के बारे में समझाया।

इसके साथ ही, विद्यार्थियों द्वारा ट्राइकोडर्मा के उपयोग एवं महत्व का प्रदर्शन किया गया तथा कृषकों के खेतों में इसका व्यावहारिक अनुप्रयोग भी कराया गया। इस दौरान ट्राइकोडर्मा के माध्यम से मृदा जनित रोगों के जैविक प्रबंधन तथा रासायनिक कीटनाशकों एवं फफूंदनाशकों पर निर्भरता कम करने के विषय में जानकारी प्रदान की गई।

इस गतिविधि मे मुख्यतः रावे समन्वयक डॉ.ओ. पी. परगनिहा एवं डॉ.मोहनीशा सिंह राजपूत के मार्गदर्शन मे विभिन्न स्थानीय कृषकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। विद्यार्थियों ने सभी प्रतिभागियों को इन तकनीकों के उपयोग की प्रक्रिया समझाई तथा वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषकों एवं ग्रामीण समुदाय को जैविक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीकों से अवगत कराना तथा विद्यार्थियों को खेत स्तर पर कृषि तकनीकों के प्रसार और उनके व्यावहारिक अनुप्रयोग का अनुभव प्रदान करना था। इस प्रकार RAWE कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने किसानों और स्वयं सहायता समूहों के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर वैज्ञानिक कृषि ज्ञान को खेतों तक पहुँचाने का प्रयास किया।

—-000—-