रिपोर्टर, चंद्रभान यादव
जशपुर। प्रदेश में फिर से मानसून सक्रिय हो गया है। बुधवार की सुबह तक मौसम सुहाना था। पर दोपहर बाद आसमान में घने बादल छाने लगे। जशपुर शहर में शाम के वक्त बूंदाबांदी हुई। आज जिले के अधिकांश इलाकों में तेज मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने जशपुर जिले के येलो अलर्ट पर रखा है।

जिले में रोजाना थोड़ी बहुत बरसात हो रही है। रविवार को दिन में घंटों तेज मूसलाधार बारिश हुई थी। सोमवार को दिनभर मौसम शुष्क था पर शाम के वक्त रिमझिम फुहारों का दौर चला। मंगलवार को दिनभर बारिश नहीं हुई। बुधवार को सुबह का मौसम सुहाना था और हल्की धूप निकली थी। पर अगले चौबीस घंटों के लिए जशपुर जिले को येलो अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग द्वारा जिले के सभी इलाकों में 21 सितंबर को बारिश होगी। अधिकांश स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तटीय पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट के ऊपर है। इसके साथ ही उपरी हवा का चक्रवात 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और दक्षिण झारखंड की ओर अगले दो दिनों में पहुंचने की संभावना है।