डीईओ ने किया निरीक्षण, दो प्रधानपाठक समय से पहले प्रवेश द्वार पर लगवा दिए थे ताला, तीन प्रधान पाठकों को कारण बताओ नोटिस जारी, पाटन ब्लॉक का मामला

पाटन।। अध्यापन कार्य में कसावट लाने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा इन दिनों स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। मंगलवार को डीईओ अरविन्द मिश्रा प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला देवादा का निरीक्षण पर पहुंचे तो पाया कि प्राथमिक शाला के प्रधानपाठक व स्टाफ मुख्य द्वार पर निर्धारित समय से पहले दोपहर 3.55 को ही तालाबंदी कर घर जा चुके थे। वहीं पूर्व माध्यमिक शाला की प्रधान पाठिका शाला के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर घर जाने की तैयारी में थी। शाला संचालन के समय का पालन नहीं करने के मामले में डीईओ द्वारा सीईओ पाटन के माध्यम से दोनों प्रधानपाठको के विरुद्ध कारण बताओं नोटिस जारी करने निर्देशित किया गया है। सेजेस पतोरा में निरीक्षण के दौरान डीईओ ने पाया कि विषय शिक्षिकाओं द्वारा प्रायोगिक कक्षाएं के समय बच्चों को थ्योरी का अध्ययन कराया जा रहा है। इस पर उन्होंने कक्षा शिक्षिका एवं प्रभारी प्राचार्य प्रीतिवाला साहू के प्रति नाराजगी व्यक्त की। शासकीय उ.मा.वि. कन्या सेलूद में त्रैमासिक परीक्षा का पाठ्यक्रम आज पर्यन्त तक पूर्ण नहीं होने पर डीईओ ने प्राचार्य श्रीमती बंजारे को चेतावनी देकर शासकीय कार्यों को गंभीरता से लेने हेतु हिदायत दी। प्राचार्य के द्वारा आज पर्यन्त तक कमजोर बच्चों का चिन्हांकन ना कराना व शाला के कक्ष शिक्षिकों में कसावट ना रखने के मामले में भी नाराजगी जताई। डीईओ ने शासकीय उ.मा.वि. गोडपेन्डी का निरीक्षण किया। यहां प्राथमिक शाला के प्रधानपाठक द्वारा प्रतिदिन तीन कक्षा ना लेने पर प्रधानपाठक को कारण बताओ नोटिस जारी करने बीईओ को निर्देशित किया गया। सेजेस देवादा का निरीक्षण में पाया गया कि उ.मा.वि. के बच्चे शाला प्रांगण में घूमते नजर आये व कक्षा शिक्षिका को स्टाप कक्ष में बैठे पाये। इस संबंध में पूछे जाने पर कक्षा शिक्षिका रूपमती साहू ने जवाब दिया कि अभी शाला बंद होने का समय हो गया है तो स्टाफ कक्ष में बैठना उचित है। उक्त शिक्षिका को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने कहा गया। निरीक्षण के दौरान जिला मिशन समन्वयक सुरेन्द्र पाण्डेय, एपीसी विवेक शर्मा, एमआइएस प्रशासक शियम कटारे उपस्थित थे।