छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि रानीतराई निवासी हितेश कुमार तिवारी, जो कि राष्ट्रीय जज (योगासन खेल) हैं, का चयन द्वितीय ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में जज (टेक्निकल ऑफिशियल) के रूप में किया गया है। यह प्रतिष्ठित आयोजन 12 से 17 अक्टूबर 2025 तक अमरावती (गुंटूर जिला), आंध्रप्रदेश में आयोजित होगा।
इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं पुलिस विभागों के अधिकारी प्रतिभागी के रूप में हिस्सा लेंगे। हितेश तिवारी का चयन उनके उत्कृष्ट योगदान और योगासन खेलों में वर्षों के अनुभव के आधार पर किया गया है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर माननीय उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने हितेश तिवारी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि “यह न केवल रानीतराई और छत्तीसगढ़ के लिए, बल्कि पूरे योगासन खेल समुदाय के लिए गर्व की बात है।”
हितेश तिवारी पूर्व में भी कई राजकीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में निर्णायक एवं आयोजक की भूमिका निभा चुके हैं तथा अंतर्राष्ट्रीय योगासन खेल खिलाड़ी भी रह चुके हैं। उनके अनुभव से पुलिस खेलों में योगासन का स्तर और भी ऊंचा होगा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जयंत विष्णु भारती, सचिव डॉ. मेजर सिंह, कोषाध्यक्ष श्री भोजेन्द्र साहू एवं संयुक्त सचिव श्री डोमेन्द्र देवांगन ने भी हितेश तिवारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।







