बलराम यादव
पाटन। पाटन में स्थित देशी और अंग्रेजी शराब दुकान के सामने ही शासकीय टेंडर के तहत आहता खोला गया है। लेकिन आहता संचालक के द्वारा सरकारी निर्देशों को ठेंगा दिखाया जा रहा है। यहां आहता के आसपास अव्यवस्था का आलम है। वही जानकारी मिली है कि जिस शर्त में आहता खोलने के अनुमति दी है उसमें आहता में पानी पाउच और डिस्पोजल नहीं बेच सकते है। लेकिन आहता में पानी पाउच और डिस्पोजल लगातार बेची जा रही है। ऐसा नहीं है कि जिम्मेदार अधिकारी कर्मचारी को इसकी जानकारी नहीं । जानकारी होने के बाद आखिर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे इसकी चर्चा जमकर हो रही है।

शराब दुकान का निरीक्षण करने आबकारी विभाग के कई छोटे बड़े अधिकारी लगातार शराब दुकान पहुंचते है। ठीक शराब दुकान के सामने आहता है। आबकारी विभाग के अधिकारियों के सामने ही सरकारी आदेश की धज्जियां उड़ाई जा रही है। बता दे कि पानी पाउच और डिस्पोजल आसपास बिखरे रहते है जिससे गंदगी पनप रही है। आहता में साफ सफाई का ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आसपास के किसानों के खेतों में पानी पाउच की झिल्ली और डिस्पोजल गिलास उसकर जा रहे है। इससे खेतों की उर्वरा शक्ति कम होती जा रही है।
पुलिस भी नहीं करती कार्रवाई
पिछले दिनों पुलिस द्वारा आसपास के होटल ढाबा में दबिश देकर आधा दर्जन लोगों पर कार्रवाई की है। लेकिन आहता में नियमों की अनदेखी कर रही उस तरफ पुलिस का भी ध्यान नहीं गया। आखिर आहता संचालक पर इतनी मेहरबान पुलिस प्रशासन क्यों है इसकी भी चर्चा होने लगी है।
नगर पंचायत भी जिम्मेदारी से भाग रहे
नगर के कई दुकानों को गंदगी फैलाने और झिल्ली बेचने के लिए मना करते हुए पेनाल्टी लिया जाता है। लेकिन शराब दुकान के सामने आहता में खुलेआम प्रतिबंध के बाद भी पानी पाउच और डिस्पोजल बेची जा रही है जिस पर नगर पंचायत पाटन के अधिकारी कर्मचारियों का ध्यान नहीं है। वही जानकारी मिली है कि आहता संचालक द्वारा फुड सेफ्टी का भी ध्यान नहीं रखा गया है।
फोटो सांकेतिक






