पाटन। निषाद समाज पाटन तहसील का चुनाव रविवार को सामाजिक भवन पाटन में गहमा-गहमी के बीच संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष देव कुमार निषाद और पूर्व सरपंच विष्णु निषाद के बीच मुकाबला हुआ। मतदान के बाद हुई मतगणना में देव कुमार निषाद ने विष्णु निषाद को पराजित कर लगातार चौथी बार निषाद समाज पाटन तहसील के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने का गौरव हासिल किया। सुबह से ही सामाजिक भवन में चुनाव को लेकर समाज के मतदाताओं और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला। तहसील क्षेत्र के कुल 295 मतदाताओं में से 199 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें देव कुमार निषाद के निर्वाचित होने की घोषणा की गई। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और समाजजनों में हर्ष का माहौल बन गया। समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष देव कुमार निषाद को बधाई दी। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अन्य पदों के लिए भी पदाधिकारी निर्वाचित किए गए। लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने जाने के बाद देव कुमार निषाद ने समाज के सभी मतदाताओं और सदस्यों का आभार जताते हुए समाज की एकता, विकास और सामाजिक हित में कार्य करने की बात कही।







