पाटन।संस्कार पब्लिक स्कूल, आमालोरी, गाड़ाडीह में उत्साह, रोमांच और खेल-जोश से भरे Annual Sports Day 2025–26 का त्रिदिवसीय वार्षिक खेल उत्सव 21 से 23 नवंबर 2025 तक हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जहाँ मुख्य अतिथि संतोष कुमार यादव (BSO एवं PTI, मर्रा), विशिष्ट अतिथि राजेश चंद्राकर (सांसद प्रतिनिधि एवं पाटन ब्लॉक खेल प्रभारी), संजय चंद्राकर, तथा विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अर्चना शुक्ला एवं आशीष सिंग गरिमापूर्ण उपस्थिति के साथ मंचासीन रहे। सभी अतिथियों ने मिलकर दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अतिथियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत करने के पश्चात कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने वातावरण को और भी जीवंत बना दिया। इस दौरान पिछले वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा की विशेष सराहना की गई, जिसने सभी विद्यार्थियों को नई प्रेरणा प्रदान की।
अतिथियों ने अपने संबोधन में खेलों के महत्व, अनुशासन, संघर्ष और सतत प्रयास की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्टता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या महोदया ने भी छात्रों को आत्मविश्वास, समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उसके पश्चात अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया गया। अनुशासित March Past में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट तालमेल और जोश का प्रदर्शन किया,इसके उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा सीटी बजाकर खेलों की शुरुआत की गई, जिसके साथ ही मैदान उत्साह, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक जोश से सराबोर हो उठा। जिसमें 100 मीटर दौड़, खो-खो, कबड्डी, टग ऑफ वॉर, ऑक्टोपस रन और शॉट पुट जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएँ प्रारंभ हुईं, जिनमें विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, ऊर्जा और खेल-भावना के साथ भाग लेकर अपनी प्रतिभा एवं खेल-कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
संस्कार पब्लिक स्कूल का यह त्रिदिवसीय खेल महोत्सव विद्यार्थियों में टीमवर्क, नेतृत्व, अनुशासन और खेल भावना जैसे महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों को विकसित करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध हो रहा है, जो उन्हें भविष्य में नई ऊँचाइयों तक पहुँचने हेतु प्रेरित करता है।







