धमतरी शहर के मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर धमतरी की आराध्य देवी मां विंध्यवासिनी (बिलाई) माता मंदिर में विशेष पूजा की गई है। वहीं जलाभिषेक के बाद भोग लगाया गया। मंदिर में जिला सहित प्रदेश के अन्य जगहों से श्रद्धालु दर्शन करने पहुंच रहे हैं। भक्त अच्छी कामना को लेकर अपने साथ नारियल, फूल और माता का श्रृंगार अर्पण कर रहे हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि अन्य दिनों से ज्यादा नए वर्ष के उपलक्ष्य में भीड़ ज्यादा देखने को मिल रही है। हालांकि माता के दर्शन करने के लिए किसी प्रकार की दुविधा नहीं हुई। आसानी से माता के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने माता से मनोकामना की है। देश, राज्य, शहर सहित सभी के घरों में सुख समृद्धि बनी रहे और किसी पर कोई दुविधा ना आए। पंडित विजय शर्मा ने बताया कि मंदिर में जलाभिषेक किया गया, जिसके बाद विशेष पूजा अर्चना सुबह 5 बजे की गई है। सुबह से ही भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। उन्होंने यह भी बताया कि रात तक ऐसे ही भीड़ भक्तों की रहने वाली है। माता के दर्शन के लिए आसपास क्षेत्र ही नहीं बल्कि अन्य जिलों से भी भक्तजन पहुंच रहे हैं।







