धमतरी।धमतरी जिले की दो छात्राओं सुनैना और समीक्षा का चयन जापान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सकुरा विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं अपने नवाचार आधारित मॉडल प्रस्तुत करेंगी। जिले के शिक्षा अधिकारियों और प्रशासन ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई है।

धमतरी में इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत धमतरी जिले के शासकीय माध्यमिक शाला देवरी की छात्रा कु. सुनैना और कुरूद विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला कोसमर्रा की छात्रा कु. समीक्षा का चयन अंतरराष्ट्रीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी सकुरा, जापान के लिए हुआ है। दोनों छात्राएं 25 जून 2026 को धमतरी से नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने बताया कि दोनों छात्राएं 27 जून 2026 को नई दिल्ली से सकुरा साइंस हाईस्कूल प्रोग्राम, जापान के लिए प्रस्थान करेंगी। कार्यक्रम और प्रदर्शनी में भाग लेने के बाद वे 4 जुलाई 2026 को नई दिल्ली लौटेंगी।
उन्होंने बताया कि छात्रा कु. सुनैना अनाज की बर्बादी रोकने और बोरी की उपयोग अवधि बढ़ाने से संबंधित हुक में फंसने वाली नाड़े जैसी रस्सी का मॉडल प्रदर्शित करेंगी। वहीं, कु. समीक्षा ऐसे मॉडल का प्रदर्शन करेंगी, जिसमें किसी भी पात्र के भर जाने पर नल स्वतः बंद हो जाएगा।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला नोडल अधिकारी इंस्पायर अवार्ड धमतरी तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुरूद ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





