केशव साहू

डोंगरगढ़। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोंगरगढ़ में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जाम्बुलकर के निर्देशन एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मुन्नालाल नंदेश्वर के मागदर्शन में सेक्टर लेवल क्रिकेट पुरूष प्रतियोगिता का फायनल मैच 18 जनवरी को शासकीय दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव एवं शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय डोंगरगढ़ की टीम के बीच खेला गया। डोंगरगढ महाविद्यालय ने पहले टॉस जीतकर पहले फिल्डिंग करने का फैसला लिया। दिग्विजय महाविद्यालय की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 138 रन बनायें। 139 रनों का लक्ष्य लेकर डोंगरगढ़ महाविद्यालय की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर मात्र 91 रन ही बना पायी। इस प्रकार प्रतियोगिता का फायनल मैच दिग्विजय महाविद्यालय राजनांदगांव ने 48 रन से जीत लिया। मैच में अम्पायर मोरध्वज सोनवानी, निखिल, प्रकाश महानदी, निकुज परमार, अर्शवीर सिंह एवं स्कोरर एम.डी.आलम रहे।
मैच के बाद प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक राजनांदगांव एवं महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष नवाज खान, विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ के उपाध्यक्ष उमा महेश वर्मा एवं समाजसेवी अनिल सहारे उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नवाज खान ने दिग्विजय महा. राज. एवं डांेगरगढ़ महाविद्यालय की विजेता एवं उपविजेता रहने पर बधाई देते हुए कहा कि छात्र जीवन में खिलाडी रहना काफी सौभाग्य की बात होती है। उन्होने नेहरू महाविद्यालय के स्टेडियम को उच्च स्तर पर तैयार कर आगे भी जिला स्तरीय, राज्य स्तरीय एवं विश्वविद्यालय स्तर की प्रतियोगिता हेतु स्टेडियम में खिलाडियों के लिए सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होने खिलाडियों को निरंतर बेहतर खेल प्रदर्शन करते हुए अपने महाविद्यालय के साथ-साथ प्रदेश का नाम रोशन करने प्रेरित किया। कार्यक्रम को नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ उमा महेश वर्मा ने भी संबोधित करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीम को बधाई देते हुए नगर पालिका परिषद डोंगरगढ़ के माध्यम से खिलाडियों हेतु बेहतर खेल मैदान एवं पीच के लिए सहयोग करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्राफी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही इस प्रतियोगिता में सहयोग करने वाले अम्पायर, स्कोरर एवं बेस्ट बेट्समेन, बेस्ट बॉलर, बेस्ट कैचर एवं बेस्ट फिल्डर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दिग्विजय महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी, योग शिक्षक संतराम वर्मा सहित खिलाड़ी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मुन्नालाल नंदेश्वर ने किया।






