पाटन। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर में सत्र 2026 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अंतर्गत शासन के निर्देशानुसार ‘दीक्षारंभ 2026’ इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन शिक्षा, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, विषय चयन, परीक्षा प्रणाली, क्रेडिट सिस्टम, असाइनमेंट तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत भरर की सरपंच श्रीमती कौशल्या साहू तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम भरर के पूर्व सरपंच श्री छविलाल साहू उपस्थित रहे।

प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अंतर्गत विभिन्न सेमेस्टर में विषय चयन तथा DSC, AEC, GEC, VAC और SEC जैसे पाठ्यक्रमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने इनके महत्व को समझाते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से महाविद्यालय आने, अनुशासन बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मित्रता के चक्कर में अपने करियर से समझौता न करने के लिए भी प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साहू ने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सफलता प्राप्त करने के साथ अपने गांव, समाज और जड़ों को न भूलें। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से ‘एक पौधा मां के नाम’ लगाने की अपील भी की।
विशिष्ट अतिथि श्री छविलाल साहू ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए दिन के 24 घंटों को व्यवस्थित रूप से उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने अध्ययन, महाविद्यालयीन गतिविधियों, माता-पिता की सेवा और पर्याप्त विश्राम के लिए समय निर्धारित करने पर जोर दिया।
NEP प्रभारी डॉ. अरुणेंद्र तिवारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के विभिन्न प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए प्रवेश, पुनः प्रवेश, ATKT, क्रेडिट स्कोर तथा मल्टीपल एंट्री-मल्टीपल एग्जिट व्यवस्था को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षा में ध्यानपूर्वक सुनने और एक अच्छा श्रोता बनने की सलाह दी।
इसके पश्चात महाविद्यालय के विभिन्न विभागों एवं समितियों के प्रभारी अधिकारियों ने अपनी-अपनी समितियों के कार्य, नियम, दायित्व एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
डॉ. नरेश धर दीवान ने खेलकूद के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं तथा खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। NEP सह-प्रभारी एवं रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. संतोष पांडे ने सेमेस्टर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र के प्रारूप एवं पूर्णांक की जानकारी दी तथा रेड क्रॉस की गतिविधियों और उसके महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
एंटी रैगिंग प्रभारी डॉ. आबिद हसन खान ने UGC के रैगिंग संबंधी नियमों, दंड, सजा एवं शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को रैगिंग से दूर रहने की सलाह देते हुए सभी से रैगिंग न करने की शपथ भी दिलाई।
राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी श्रीमती चेतना सोनी ने NSS के उद्देश्य, नियम एवं सदस्य बनने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने ‘माई भारत’ पंजीयन तथा NSS के B एवं C प्रमाणपत्रों के महत्व के बारे में भी विद्यार्थियों को बताया।
पुस्तकालय विभाग प्रमुख श्री मुकेश कठोतिया ने विद्यार्थियों को पुस्तकालय से पुस्तक प्राप्त करने, उनके उपयोग एवं वापसी से संबंधित नियमों की जानकारी दी।
महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका श्रीमती नीता कुंभारे ने कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर आधारित क्विज का आयोजन किया। क्विज में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।
गणित विभागाध्यक्ष श्री मनोज यादव ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन करने तथा अनुशासन के साथ अपनी पढ़ाई पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड क्रॉस की छात्राएं जया रानी एवं चांदनी ने किया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
दीक्षारंभ 2026 का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक जीवन की दिशा निर्धारित करने, नई शिक्षा नीति को समझने तथा महाविद्यालयीन गतिविधियों से जुड़ने की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा। कार्यक्रम का समापन इस आशा के साथ हुआ कि नवप्रवेशित विद्यार्थी शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक सोच के साथ अपने करियर की मजबूत नींव रखेंगे।






