अंडा। शैलदेवी महाविद्यालय, अंडा में दिनांक 14 अगस्त 2026 को बी.ए., बी.कॉम. एवं बी.एससी., बीसीए प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ (Induction Programme) 2026-27 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, नियमों, परीक्षा प्रणाली, सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों तथा उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राजन कुमार दुबे, चेयरमैन, शैलदेवी महाविद्यालय, अंडा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि महाविद्यालयीन जीवन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, ज्ञान एवं भविष्य के निर्माण का महत्वपूर्ण चरण है उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा साथ ही सोशल मीडिया से जुड़े गतिविधियों में सावधानी बरतने को कहा।
प्राचार्य डॉ के एन मिश्रा ने अपने स्वागत उद्बोधन में महाविद्यालय से संबंधित संक्षिप्त परंतु सारगर्भित जानकारी प्रदान किए।
इसके पश्चात डॉ. राजनी राय द्वारा विद्यार्थियों को महाविद्यालय के परिचय, विशेषताओं एवं उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया उन्होंने अपने जीवन में अनुशासन, साहस, निर्भयता को अपनाने हेतु प्रेरित करते हुए कहा कि अपना मत तार्किक रूप से प्रस्तुत करें और सभी तत्वों का सम्मान करें चाहे वह निर्जीव हो अथवा संजीव।
डॉ. रश्मि पांडे ने विद्यार्थियों को NEP-2020 के अनुरूप परीक्षा प्रणाली एवं विभिन्न समितियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की उन्होंने नई शिक्षा व्यवस्था में विद्यार्थियों की भूमिका तथा परीक्षा संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं से अवगत कराया।
इसी क्रम में श्री जीतेश मिश्रा ने महाविद्यालय में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी और विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन के लिए विभिन्न मंचों का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया।
श्री नितीश तिवारी ने विद्यार्थियों को कैम्पस ड्राइव एवं रोजगार संबंधी अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान की। वहीं श्रीमती योगिता नशीने ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं सामाजिक सरोकारों में विद्यार्थियों की सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला।
श्री गोविंद देशमुख ने महाविद्यालय की पुस्तकालय एवं खेल सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। श्री एवन देशलहरे द्वारा विद्यार्थियों को उपलब्ध छात्रवृत्ति सुविधाओं एवं संबंधित प्रक्रियाओं के बारे में आवश्यक जानकारी दी गई।
दीक्षारंभ कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था एवं विभिन्न गतिविधियों की समग्र जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के मन में महाविद्यालयीन जीवन के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन श्री जितेश मिश्रा व सुश्री नूतन साहू ने किया। अंत में महाविद्यालय परिवार की ओर से सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों के उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।







