चंदखुरी केनाल पारा में बदहाल सड़क बनी हादसों की वजह, विभाग की लापरवाही से जनता परेशान

अण्डा। दुर्ग से बालोद को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर ग्राम चंदखुरी के केनाल पारा में जिम्मेदार विभाग की लापरवाही से सड़क दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। विभाग द्वारा डामरीकरण सड़क को खोदने के बाद केवल मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है, जिससे बारिश के दिनों में सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है।


लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर कीचड़ और गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दिन में किसी तरह लोग संभलकर निकल जाते हैं, लेकिन रात के अंधेरे में यह जगह दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग आवागमन करते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, मजदूर, किसान और अन्य वाहन चालक इसी रास्ते पर निर्भर हैं, लेकिन सड़क की यह बदहाली उनकी परेशानी का कारण बन चुकी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पीएचई विभाग ने कार्य तो शुरू किया, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया। सड़क की मरम्मत नहीं होने से आम जनता को जोखिम उठाकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन भी इस समस्या को लेकर अब तक गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए और इस लापरवाही पर जिम्मेदार विभाग के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।