
गोबरा नवापारा। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जोंदी में आयोजित ग्राम सभा की बैठक के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। उपसरपंच पोषण लाल यदु ने सरपंच के पुत्र समेत सात लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए गोबरा नवापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जून 2026 को ग्राम पंचायत जोंदी में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची और हितग्राहियों के नामों को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान सूची में कुछ नाम शामिल नहीं होने के मुद्दे पर विवाद की स्थिति बन गई।
उपसरपंच पोषण लाल यदु का आरोप है कि जब उन्होंने सूची से नाम हटाए जाने का विरोध किया और अपनी बात रखने का प्रयास किया, तब सरपंच पुत्र टोमन साहू सहित अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि उनके साथ गाली-गलौज की गई और सार्वजनिक रूप से मारपीट की गई। घटना में उन्हें शारीरिक चोटें भी आईं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग की। उपसरपंच ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पंचायत की बैठकों में भी लगातार उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता रहा है और उन्हें अपनी बात रखने से रोका जाता है।
वहीं, मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है तथा जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना गोबरा नवापारा के ईस्तगासा क्रमांक 93/150 धारा 170/126,135(3) BNSS के अनावेदकगण-
(1)लेख राम साहू पिता हीराराम साहू उम्र 37 वर्ष (2)अलख राम साहू पिता आस कुमार साहू उम्र 44 वर्ष
(3) मिथिलेश कुमार साहू पिता आस कुमार साहू उम्र 43 वर्ष
(4) बैतल राम साहू पिता स्व. तिजवाराम साहू उम्र 32 वर्ष
(5) प्रहलाद साहू पिता गुहान साहू उम्र 55 वर्ष
(6) टोमन लाल साहू पिता सरजू ने प्रसाद साहू उम्र 43 वर्ष
(7) चिंतामणि साहू पिता रंगी राम साहू उम्र 45 वर्ष
सभी सकिनान ग्राम- जौंदी चौकी -चंपारण थाना- गोबरा नवापारा जिला -रायपुर (छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार कर माननीय एसडीएम न्यायालय अभनपुर पेश करने रवाना किया गया !






