सामुदायिक भवन में जुआ खेलने से रोकने पर विवाद, सरपंच से  मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप, पाटन थाना क्षेत्र का मामला

पाटन। ग्राम लोहर्सी के छोटे पारा स्थित सामुदायिक भवन में जुआ खेलने से रोकने पर विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे सरपंच को ग्रामीणों से जानकारी मिली कि छोटे पारा स्थित सामुदायिक भवन में कुछ लोग ताश-पत्ती खेल रहे हैं। इसके बाद वे विक्रम चंद्राकर, भेष नारायण धीवर और व्यास नारायण चौहान के साथ मौके पर पहुंचे। वहां आकाश पटेल सहित कुछ अन्य लोग ताश-पत्ती खेलते हुए मिले। शिकायत में बताया गया है कि सामुदायिक भवन में ताश खेलने से मना करने पर सभी लोग भवन से बाहर आ गए। आरोप है कि इसके बाद आकाश पटेल ने सरपंच से विवाद करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही हाथ-मुक्का से मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के दौरान मौजूद विक्रम चंद्राकर, भेष नारायण धीवर और व्यास नारायण चौहान ने बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता के अनुसार मारपीट में चोट भी आई है और घटना के बाद भयभीत होकर परिजनों से चर्चा कर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई है।