पाटन। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों को सम्मान एवं अतिथि नहीं बनाए जाने को लेकर ग्राम सेलूद में सवाल उठने लगे हैं। ग्राम सेलूद निवासी महेश्वर बंछोर ने आरोप लगाया है कि भारत माता की आजादी के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों को राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में उचित सम्मान नहीं मिल रहा है।

महेश्वर बंछोर ने बताया कि सेलूद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े कुल 8 परिवार हैं, लेकिन स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इनमें से केवल दो-तीन परिवारों को ही अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव और शहीदों के बलिदान को याद करने का अवसर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय पर्व में भी राजनीति की जा रही है। बंछोर ने मांग की कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े सभी परिवारों को समान रूप से सम्मान और आमंत्रण दिया जाए, ताकि उनके पूर्वजों के बलिदान और योगदान का उचित सम्मान हो सके।







