राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में शिक्षा समितियों के सभापतियों की उपेक्षा पर नाराजगी, जनपद उपाध्यक्ष पाटन को नहीं मिला आमंत्रण, जिला पंचायत शिक्षा समिति सभापति पवन शर्मा का नाम भी अतिथि सूची से गायब

पाटन। जनपद पंचायत पाटन के ग्राम जामगांव (एम) में आयोजित राज्य स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कार्यक्रम में जनपद एवं जिला पंचायत की शिक्षा समितियों के सभापतियों को अतिथि क्रम में स्थान नहीं दिए जाने पर नाराजगी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत पाटन के उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के सभापति कमलेश वर्मा का नाम न तो कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र में अतिथि सूची में शामिल किया गया और न ही उन्हें कार्यक्रम का आमंत्रण भेजा गया। कमलेश वर्मा ने स्वयं इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित नहीं किया गया।

वहीं, जिला पंचायत दुर्ग के उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के सभापति पवन शर्मा को कार्यक्रम का आमंत्रण तो मिला था, लेकिन शिक्षा विभाग के इस महत्वपूर्ण आयोजन में उनका नाम अतिथि क्रम में शामिल नहीं किया गया। इसे शिक्षा समिति के निर्वाचित प्रतिनिधियों की उपेक्षा बताया जा रहा है। पवन शर्मा ने भी उपेक्षा की बात कहते हुए कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की जानकारी दी।

गौरतलब है कि यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में आयोजित किया गया था। ऐसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक आयोजन में शिक्षा समितियों के सभापतियों को उचित सम्मान और प्रोटोकॉल नहीं मिलने से जनप्रतिनिधियों में असंतोष व्याप्त है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।