पाटन। कलेक्टर दुर्ग के विशेष निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों के लिए पोषण आहार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत निश्चय मित्र के सहयोग से 10 टीबी मरीजों को एक माह का प्रोटीन युक्त फूड बास्केट वितरित किया गया। इस बास्केट में मरीजों के स्वास्थ्य सुधार के लिए आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य सामग्री शामिल की गई, जिससे उपचार के दौरान उन्हें पर्याप्त पोषण मिल सके।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. बी. कठौतिया, स्वास्थ्य सुपरवाइजर, आरएचओ, सीएचओ सहित बड़ी संख्या में मितानिन उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने बताया कि टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शासन द्वारा मरीजों को उपचार के साथ-साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराएं और उपचार के दौरान नियमित दवा व संतुलित आहार का सेवन करें।







