औपचारिकता और अव्यवस्था के बीच जिला स्तरीय युवा महोत्सव सम्पन्न


पाटन। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव सेजस सेलूद मैदान में सम्पन्न हुआ। युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित यह महोत्सव अव्यवस्था और अधूरी तैयारियों के कारण अधिकतर औपचारिकता तक सीमित नजर आया।

आयोजन की निर्धारित शुरुआत सुबह 10 बजे तय थी, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण महोत्सव करीब एक घंटे की देरी से सुबह 11 बजे के बाद ही शुरू हो पाया। इस दौरान प्रतिभागियों और दर्शकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

महोत्सव में जिले भर से युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक विधाओं में भाग लिया, लेकिन आयोजन की कमजोर व्यवस्थाओं के चलते कई समस्याएं सामने आईं।  बैठने के लिए कुर्सियां तो लगाई गई थी लेकिन अधिकांश कुर्सी खाली रहा जिससे सूचना तंत्र की कमी साफ दिखाई दी।

अव्यवस्था की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शाम 4 बजे तक आयोजकों द्वारा यह जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई जा सकी कि कुल कितने प्रतिभागी इस जिला स्तरीय युवा महोत्सव में शामिल हुए।

इसके बावजूद सम्मेलन में शामिल युवाओं में उत्साह बना रहा और उन्होंने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए पूर्व तैयारी, बेहतर समन्वय और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि युवा महोत्सव अपने उद्देश्य को सही मायनों में पूरा कर सके।