पाटन।त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत दूसरे चरण में जिला पंचायत सदस्य के चार पदों के लिए हुए चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। इसके मुताबिक दो सीट भाजपा और दो कांग्रेस के खाते में गई है। दो चरण में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए आठ निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव हो चुका है। जिसमें से चार सीट भाजपा, तीन कांग्रेस और एक निर्दलीय के खाते में गई है। तीसरे चरण में धमधा जनपद क्षेत्र की चार सीटों पर चुनाव होना है। यहां के नतीजे से ही बहुमत का आंकड़ा तय होगा।
दूसरे चरण में पाटन जनपद पंचायत क्षेत्र में 20 फरवरी को मतदान कराया गया। देर रात मतों की गिनती भी की गई। इस क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य के चार पद के लिए चुनाव कराया गया था। मतगणना के आंकड़ों के मुताबिक क्षेत्र क्रमांक 10 से भाजपा की लीलम चंद्राकर करीब 11 हजार मतों के अंतर से सदस्य निर्वाचित हुई हैं। इसी तरह निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-नौ में कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी देवेंद्र चंद्रवंशी करीब छह हजार मतों के अंतर से चुनाव जीत गए हैं। देवेंद्र ने भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष दिव्या कलिहारी को हराया। 11 में कांग्रेस की नोमिन ठाकुर विजयी रहीं। उन्होंने कड़े मुकाबले में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी शैलेंद्री मंडावी को हराया। 12 से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी कल्पना साहू करीब 9000 मतों के अंतर से विजयी रहीं।
उल्लेखनीय है कि पहले चरण में दुर्ग जनपद पंचायत क्षेत्र में 17 फरवरी को मतदान हुआ था। इस चरण में जिला पंचायत सदस्य के चार पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा को दो सीटें मिली थीं। कांग्रेस को एक सीट मिली थी और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। पहले चरण के चुनाव में निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक-पांच से भाजपा के जितेंद्र यादव, छह से निर्दलीय प्रिया साहू, सात से कांग्रेस की आशा विक्की मिश्रा व आठ से भाजपा की श्रद्धा साहू ने जीत हासिल की थी। तीसरे चरण के लिए धमधा जनपद पंचायत क्षेत्र में 23 फरवरी को मतदान होना है।