केशव साहू
बूढ़ान छापर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत बूढ़ान छापर के माध्यमिक शाला परिसर में प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत की सरपंच रेखा नोहर सिन्हा की सक्रिय पहल एवं नेतृत्व में किया गया। उनके प्रयासों से ग्राम में शिक्षा एवं विद्यालयीन सुविधाओं के विकास को लगातार गति मिल रही है।

कार्यक्रम में अनीता मंडावी, सभापति जिला पंचायत राजनांदगांव, थनवार मंडावी, सभापति जनपद पंचायत डोंगरगढ़, सरपंच रेखा नोहर सिन्हा, सचिव मूल चंद कोसरिया, उपसरपंच यशवंत कंवर, ग्राम पटेल अरुण कंवर एवं पंचगण भारत कंवर, देशराम, कमला, गणेशिया एवं देव बति सहित शाला परिवार, शिक्षकगण, ग्राम के प्रमुखजन एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाए जा रहे प्रार्थना शेड से विद्यालय में प्रार्थना सभा एवं अन्य सामूहिक गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी। शेड निर्माण होने से बच्चों को धूप एवं बारिश के दौरान राहत मिलेगी और उन्हें प्रार्थना सभा के लिए सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा।

जनप्रतिनिधियों का विशेष सहयोग
ग्राम पंचायत बूढ़ान छापर के विकास कार्यों में अनीता मंडावी, सभापति जिला पंचायत राजनांदगांव एवं थनवार मंडावी, सभापति जनपद पंचायत डोंगरगढ़ का विशेष योगदान एवं सहयोग हमेशा मिलता रहा है। दोनों जनप्रतिनिधि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में समय-समय पर मार्गदर्शन देते हुए एक मजबूत सहयोगी और ढाल के रूप में सरपंच रेखा नोहर सिन्हा के साथ खड़े रहे हैं।
सरपंच रेखा नोहर सिन्हा ने कहा कि विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन और सहयोग हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। अनीता मंडावी जी एवं थनवार मंडावी जी हर समय विकास कार्यों के लिए मार्गदर्शन देते हैं और आवश्यकता पड़ने पर मजबूती के साथ सहयोग करते हैं। उनके सहयोग से पंचायत को नई ऊर्जा मिलती है और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का हौसला मिलता है।
शिक्षा के क्षेत्र में लगातार प्रयास
सरपंच रेखा नोहर सिन्हा द्वारा पिछले एक वर्ष से शिक्षा के क्षेत्र में विशेष सक्रियता दिखाई जा रही है। उनके नेतृत्व में विद्यालयों की आवश्यकताओं पर लगातार ध्यान दिया जा रहा है तथा वनांचल क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंचायत स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी दौरान प्राथमिक शाला मांगी खुंटा एवं प्राथमिक शाला बूढ़ान छापर में विद्यालय भवन की आवश्यकता का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। भवन के अभाव में बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है तथा उन्हें अध्ययन के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर सरपंच रेखा नोहर सिन्हा ने कहा कि “बच्चों की शिक्षा से जुड़ा प्रत्येक कार्य गांव के भविष्य से जुड़ा है।” उन्होंने दोनों विद्यालयों के लिए भवन निर्माण की आवश्यकता बताते हुए शासन-प्रशासन से शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।
प्रार्थना शेड निर्माण कार्य के लिए स्वीकृति प्रदान करने पर ग्राम पंचायत बूढ़ान छापर की ओर से सरपंच रेखा नोहर सिन्हा ने शासन-प्रशासन एवं संबंधित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि ग्राम के विकास में शिक्षा को प्राथमिकता देना पंचायत की प्रमुख जिम्मेदारी है और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए पंचायत स्तर पर हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, पंचगण, ग्राम के प्रमुखजन एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।






