डोंगरगढ़ -सरपंच संघ द्वारा ग्राम पंचायत पलान्दूर के सरपंच के ऊपर हुए हमले की निष्पक्ष जांच हेतु SDM को सौंपा ज्ञापन

केशव साहू
डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत पलान्दूर में विगत दिनों सुशासन त्यौहार के दौरान सरपंच मानिकलाल वर्मा के ऊपर मंच पर तमाम आला अधिकारियों जनप्रतिनिधियों के मौजूदगी में खुलेआम सरपंच के ऊपर आरोपी द्वारा चाकू बाजी करते हुए प्राण घातक हमला किया गया था। जिसके विरोध में डोंगरगढ़ सरपंच संघ द्वारा अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगढ़ को ज्ञापन सौंपते हुए उक्त घटना का निंदा किया गया है। वहीं चाकूबाजी के आरोपी जितेंद्र यादव द्वारा मोहरा चौकी प्रभारी के समक्ष बयान दिया गया था कि सुशासन त्यौहार के दिन जिला कलेक्टर पर हमला करने का प्लान था। उक्त कार्यक्रम में जिला कलेक्टर के ना आने पर सरपंच के ऊपर चाकू से हमला करने की बात कही गई है। पुलिस द्वारा आरोपी जितेंद्र यादव को घटना उपरांत घटनास्थल से ले जाते वक्त सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें आरोपी द्वारा यह कहते हुए देखा गया था कि पलान्दूर सरपंच मानिक लाल वर्मा द्वारा 2 माह पूर्व उसकी पत्नी से छेड़छाड़ किया था। उक्त घटना से आक्रोशित होकर आरोपी द्वारा सरपंच पर चाकू से हमला किया था। परंतु ग्राम वासियों के जानकारी के अनुसार आरोपी की पत्नी 4 माह पूर्व से ग्राम पंचायत पलान्दूर से पलायन कर चुकी है। सरपंच संघ का कहना है कि सरपंच पद लोक सेवक का पद होता है। आरोपी द्वारा मनगढ़ंत आरोप लगाकर पालंदुर के सरपंच को बदनाम किया जा रहा है तथा आरोपी द्वारा शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास भी किया जा रहा था। सरपंच संघ डोंगरगढ़ द्वारा SDM को ज्ञापन सौंपते हुए ग्राम पंचायत पलान्दूर में सुशासन त्यौहार के दिन हुए चाकूबाजी की घटना की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय हित में उचित कार्यवाही की मांग की गई है।