नशा ना करना, दूर ही रहना — लयबद्ध प्रेरणा के साथ विद्यार्थियों ने लिया नशामुक्त भारत का संकल

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित “नशा मुक्त भारत सप्ताह 2026” के अंतर्गत शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव (आर) में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने की।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार उतई के संयोजक श्री युवराज साहू एवं डॉ. तिलक साहू ने विद्यार्थियों को तंबाकू, मद्यपान, नशीले पदार्थों तथा अश्लीलता जैसे दुर्व्यसनों से दूर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के नशीले उत्पादों से परिचित कराते हुए उनके दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा सामूहिक रूप से नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि युवराज साहू ने लयबद्ध गीतों एवं प्रेरक संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गायत्री मंत्र का सामूहिक उच्चारण कराते हुए सकारात्मक चिंतन एवं संस्कारित जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। साथ ही “एक पेड़ लगाओ और उसे बचाओ” का आह्वान करते हुए पर्यावरण संरक्षण तथा शाकाहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने विद्यार्थियों को सादगी, अनुशासन एवं संस्कारयुक्त जीवन अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है और उन्हें हर प्रकार के व्यसन से दूर रहकर अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. नरेशधर दीवान ने विद्यार्थियों को खेल एवं योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सलाह दी तथा बताया कि नियमित खेलकूद और योगाभ्यास नशे जैसी बुराइयों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर विद्यार्थियों को योग के महत्व से भी अवगत कराया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के सक्रिय स्वयंसेवकों को “नशा मुक्त मित्र” के रूप में चयनित कर उनकी जिम्मेदारियों एवं समाज में उनकी भूमिका से परिचित कराया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी चेतना सोनी ने नशा मुक्ति केंद्रों, परामर्श सेवाओं एवं पुनर्वास सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें काउंसलिंग एवं पुनर्वास सेवाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में डॉ. रजनीश तिवारी, डॉ. आबिद हसन खान, आर. डी. भूआर्य, कौशल बघेल, तामेश्वरी साहू, राजेन्द्र कुमार, लोमन, रानी तथा कमलेश विश्वकर्मा की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ऐश्वर्या, झमिता, रश्मि, जया रानी, भूमिका, डिंपल, तारिणी, प्रेरणा, प्रियंका, लीना एवं टिकेश्वरी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।