घर घर चलो अभियान : मंत्री विधायकों और सांसदों का घर घर परेड शुरू…लोगों से सीधे फीडबैक लेंगे नेता

रायपुर। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा ने प्रदेशव्यापी “घर-घर चलो अभियान” का शंखनाद कर दिया है। इस बार पार्टी आलाकमान के तेवर साफ हैं कि नेताओं को केवल मंचों से भाषण देने तक सीमित नहीं रहना होगा, बल्कि उन्हें सीधे जनता की चौखट तक पहुंचना होगा।

मुख्यमंत्री साय ने इसकी कमान संभाली

अभियान में मंत्री, सांसद और विधायकों सहित संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों को भी सक्रिय भूमिका सौंपी गई है। अभियान की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्वयं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसकी कमान संभाल ली है। अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए मुख्यमंत्री साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और संगठन महामंत्री पवन साय ने सोमवार को सांसदों और विधायकों की एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक ली थी।

किसकी क्या जिम्मेदारी

  • मंत्री, विधायक और सांसदः प्रत्येक को न्यूनतम 50-50 नए प्रबुद्धजनों और नागरिकों से सीधा संपर्क करना होगा।
  • राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष : इन्हें 25-25 लोगों से मिलने की जिम्मेदारी दी गई है। जिला
  • पदाधिकारी : प्रत्येक पदाधिकारी 15-15 घरों का दौरा करेंगे।
  • मंडल अध्यक्ष : इन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में 10-10 लोगों से संपर्क साधना होगा।

जनता के बीच पहुंचकर जनप्रतिनिधि न केवल केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे, बल्कि लोगों से सीधे संवाद कर उनका फीडबैक भी लेंगे। यह जानने का प्रयास किया जाएगा कि राशन, पेयजल, आवास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुचारू रूप से पहुंच रहा है या नहीं।