कोड़ापुरी में शिक्षक दिवस पर दोहरी खुशी, बसंत डोरे को राज्यपाल पुरस्कार

पंडरिया।ब्लाक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोड़ापुरी में शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा गरिमामय एवं आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता एवं प्रभारी प्राचार्य बसंत डोरे को वर्ष 2026-27 के लिए राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार हेतु घोषित किए जाने की गौरवपूर्ण उपलब्धि रही। इस घोषणा से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरपंच प्रतिनिधि यशवंत चंद्राकर रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता SMC अध्यक्ष देवचन्द साहू ने की, जबकि पूर्व SMC अध्यक्ष प्रीतम चंद्राकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन दीपा साहू ने प्रभावशाली ढंग से किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं शिक्षकों के स्वागत के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर शिक्षक दिवस की महत्ता को याद किया गया।विद्यार्थियों द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही शिक्षकों के मनोरंजन एवं सहभागिता के लिए विभिन्न रोचक गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का वातावरण हास-परिहास, उमंग एवं आत्मीयता से भर गया।


इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता श्री वीरेन्द्र चंद्राकर ने प्रेरणादायी उद्बोधन देते हुए शिक्षक के महत्व, कर्तव्य एवं विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में शिक्षक की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात शिक्षक के दायित्वों एवं संकल्पों को प्रेरणा गीत के माध्यम से सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार हेतु चयनित बसंत डोरे का विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों द्वारा विशेष स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। उनकी उपलब्धि को विद्यालय के लिए गौरव का विषय बताते हुए उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
प्रभारी प्राचार्य और राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता बसंत डोरे ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, मेहनत एवं अच्छे चरित्र को जीवन का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया।शिक्षक दिवस के आयोजन और बधाई व शुभकामनाएं सन्देश के लिए विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिक्षक सम्मान समारोह में आए हुए अतिथि एवं विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय के शिक्षकगणों का डायरी, पेन, फोटो, रूमाल, श्रीफल सहित विभिन्न सम्मान सामग्री भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया। विद्यार्थियों द्वारा अपने शिक्षकों के प्रति व्यक्त किया गया सम्मान एवं स्नेह कार्यक्रम का भावुक एवं यादगार क्षण रहा।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकवृंद ने विद्यार्थियों द्वारा किए गए सुंदर आयोजन, सम्मान एवं आत्मीयता के लिए उनका हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
विद्यालय में आयोजित यह शिक्षक दिवस समारोह न केवल शिक्षकों के सम्मान का अवसर बना, बल्कि गुरु-शिष्य के बीच प्रेम, सम्मान और विश्वास के रिश्ते को और मजबूत करने वाला यादगार आयोजन साबित हुआ। वहीं बसंत डोरे को राज्यपाल शिक्षक पुरस्कार की घोषणा ने इस आयोजन के गौरव और खुशी को दोगुना कर दिया।