पंडरिया-ब्लाक के दुल्लापुर बाजार स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में मंगलवार को डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन अधीक्षिका कामिनी जोशी के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन, संघर्ष एवं उनके महान विचारों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात अधीक्षिका कामिनी जोशी ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि डॉ. अंबेडकर ने अपने जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करते हुए शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया,छुवाछुत जैसे समाज मे फैली विकृति को उन्होंने बहुत करीब से देखा है और भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित किया कि वे भी शिक्षा के माध्यम से अपने जीवन को सशक्त बनाएं और समाज में अपनी पहचान स्थापित करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा बाबा जी विचारों को साझा किया गया, जिनमें बाबा साहेब के विचारों, समानता, स्वतंत्रता और अधिकारों के महत्व को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
अंत में सभी छात्राओं एवं उपस्थित जनों ने डॉ. अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने एवं उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस प्रकार यह कार्यक्रम न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि सभी के लिए अत्यंत प्रेरणादायक भी सिद्ध हुआ।







