गातापारा के लाल डॉ. प्रदीप साहू बने असिस्टेंट प्रोफेसर, क्षेत्र में हर्ष का माहौल

पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम गातापारा के होनहार युवा डॉ. प्रदीप साहू ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। श्री दिलवर साहू के सुपुत्र डॉ. प्रदीप साहू का चयन वडोदरा (गुजरात) स्थित अंतर्राष्ट्रीय भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ है।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि की खबर मिलते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। डॉ. प्रदीप के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। परिजनों और ग्रामीणों ने इस सफलता का श्रेय डॉ. प्रदीप की वर्षों की तपस्या के साथ-साथ उनके पिता श्री दिलवर साहू के संस्कारों, त्याग और मार्गदर्शन को दिया है।

सामाजिक पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने दी बधाई
डॉ. प्रदीप साहू की इस उपलब्धि पर तहसील साहू समाज के अध्यक्ष लालेश्वर साहू ने उन्हें और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी है। इसके साथ ही परिक्षेत्रीय अध्यक्ष टेसराम साहू, सरपंच रेवाराम साहू, नित्यानंद साहू, गजेंद्र साहू, देवेंद्र साहू, दिलीप साहू, युवराज साहू और पवन साहू सहित समस्त ग्रामवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

बधाई देते हुए सामाजिक पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने कहा कि यह सफलता केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव, तहसील और समाज के लिए गर्व का विषय है। डॉ. प्रदीप की इस कामयाबी से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी उच्च शिक्षा और बड़े लक्ष्यों को हासिल करने की नई प्रेरणा मिलेगी।