पाटन। पाटन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सोरम के आश्रित ग्राम धूमा के वार्ड क्रमांक 15 में नाली जाम होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों में कचरा और गाद जमा होने के कारण बरसात का पानी सही ढंग से निकासी नहीं हो पा रहा है, जिससे बारिश का पानी और नाली का गंदा पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है। बरसात शुरू होते ही समस्या और गंभीर हो गई है। जल निकासी बाधित होने से सड़क और गलियों में भी पानी जमा हो रहा है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीण सुनील ठाकुर ने बताया कि नाली की सफाई कराने की मांग कई बार ग्राम पंचायत से की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि नालियां पूरी तरह कचरे से भरी हुई हैं, जिसके कारण बारिश का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। अधिक बारिश होने पर नाली का गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।






