पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम पंचायत जमराव के वार्ड क्रमांक 2 और 3 में पहली ही बारिश ने पंचायत की तैयारियों की पोल खोल दी। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी निकासी नहीं हो सका और कई घरों में घुस गया, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश शुरू होने से पहले उन्होंने पंचायत से नालियों की साफ-सफाई कराने की मांग की थी, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। नतीजतन पहली ही बारिश में नालियां जाम हो गईं और जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सरपंच, उपसरपंच सहित पंचायत प्रतिनिधि समस्या के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। जलभराव से घरों में पानी भरने के साथ ही लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है तथा गंदगी फैलने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल नालियों की सफाई कराने, जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बनने के लिए स्थायी समाधान करने की मांग की है।






