Droupadi Murmu: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज आएंगी रायपुर, दो दिनों में चार दीक्षा समारोहों में होंगी शामिल

रायपुर।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से 2 दिन के छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। 2 दिन के दौरे पर राष्ट्रपति 4 दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। एम्स, रायपुर NIT, IIT भिलाई और आयुष विश्वविद्यालय के स्टूडेंट्स को राष्ट्रपति मुर्मू के हाथों डिग्री लेने का मौका मिलेगा।

राष्ट्रपति के दौरे के चलते रायपुर में कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने रूट प्लान बनाया है, जिसमें VVIP का काफिला जिन रास्तों से गुजरेगा, वहां कुछ देर के लिए आम लोगों को इंतजार करना होगा।

सुबह 11 बजे राष्ट्रपति मुर्मू दिल्ली से माना के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगी, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर जाएंगी, जहां वह दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि हैं। इसके बाद राष्ट्रपति राजभवन जाएंगी।

एनआईटी के दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति शुक्रवार को ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार जाएंगी, जहां वह राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के 14वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। अधिकारियों ने बताया कि बाद में राष्ट्रपति मुर्मू नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन का दौरा करेंगी, जहां वह स्थानीय आदिवासियों से बातचीत करेंगी। बाद में वह राजभवन वापस आएंगी।

रायपुर में यह रूट रहेंगे डायवर्ट

राष्ट्रपति के अलग-अलग स्थानों में आने-जाने के कारण शुक्रवार को रायपुर के कई इलाकों का रूट डायवर्ट रहेगा। राष्ट्रपति के आने के आधा घंटे पहले ट्रैफिक को रोक दिया जाएगा वहीं, उनका काफिला निकलने के करीब 20 मिनट बाद सड़क आम लोगों के लिए खोली जाएगी। सबसे ज्यादा ट्रैफिक प्रभावित तेलीबांधा रिंग रोड-1 से रायपुरा चौक तक रहेगा। क्योंकि इस रूट पर राष्ट्रपति का लगातार आना-जाना रहेगा।