पंडरिया।ब्लॉक के ग्राम बांधा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान योजना के तहत चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बी.आर.सी. श्री राममुरारी यादव और ग्राम सरपंच धर्मीन टेकराम साहू रहे।

प्रतियोगिता को लेकर स्कूली बच्चों में भारी उत्साह देखा गया। सभी बच्चों ने इसमें बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला व वाणी का प्रदर्शन किया।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र हुए सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथियों द्वारा शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को विशेष पुरस्कार से नवाजा गया। इसके साथ ही बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।

इस गरिमामयी अवसर पर शाला की प्रधान पाठिका पूर्णिमा सिंह, शिक्षक विपिन कुमार पाठक, शाला प्रबंध एवं विकास समिति के अध्यक्ष छेदी राम चंद्राकर उपस्थित थे। इनके साथ ही समिति सदस्य बुधराम चंद्राकर, सिद्धराम चंद्राकर, राजेश चंद्राकर सहित स्कूल के सफाईकर्मी और रसोईया भी कार्यक्रम को सफल बनाने में शामिल रहे।






