तरीघाट उपस्वास्थ्य केंद्र में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त, निरीक्षण करने पहुंचे बीएमओ


पाटन।
तरीघाट उपस्वास्थ्य केंद्र में पेयजल समस्या को लेकर प्रकाशित खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने त्वरित संज्ञान लिया। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. कटौतियां स्वयं उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू भी मौके पर उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि उपस्वास्थ्य केंद्र परिसर में पानी की टंकी स्थापित है, जिसमें पंचायत द्वारा संचालित बोर से पाइपलाइन के माध्यम से नियमित रूप से पानी सप्लाई की जा रही है। इससे केंद्र में आने वाले मरीजों और स्टाफ के लिए पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि उपस्वास्थ्य केंद्र में अलग से बोर खनन नहीं कराया गया है, लेकिन पंचायत के मौजूदा बोर पंप से ही पाइपलाइन के जरिए पानी टंकी में भरकर व्यवस्था बनाई गई है। वर्तमान में इसी व्यवस्था से पानी की जरूरत पूरी हो रही है।
खंड चिकित्सा अधिकारी ने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता प्राथमिकता है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।